पटना, 18 मई (भाषा) पटना में शिक्षक से लूटपाट और गोलीबारी मामले में पुलिस ने आरोपी और उसके एक साथी को सोमवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, 13 मई को पटना के भागवत नगर इलाके में एक शिक्षक से लूटपाट की घटना हुई थी। विरोध करने पर अपराधियों ने शिक्षक को गोली मार दी थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शिक्षक के साथ लूटपाट और गोलीबारी की घटना में शामिल आरोपी संदीप उर्फ बादल अपने साथी प्रिंस के साथ ट्रांसपोर्ट नगर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे पेट्रोल पंप के पास भगवत नगर इलाके में मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदीप उर्फ बादल ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदीप के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने घायल आरोपी संदीप और उसके साथी प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भाषा कैलाश मनीषा
मनीषा