बिहार : पटना में ललित भवन के पास युवती का शव मिला, हत्या की आशंका
बिहार : पटना में ललित भवन के पास युवती का शव मिला, हत्या की आशंका
पटना, तीन मई (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में रविवार को ललित भवन के पास एक युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में बेली रोड स्थित ललित भवन में कई सरकारी कार्यालय हैं।
सचिवालय-2 के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) साकेत कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार्यालय परिसर के पास एक गली से युवती का शव बरामद किया।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “हम युवती की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं।”
एसडीपीओ ने बताया कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और जांच में श्वान दस्ते को भी लगाया गया है।
एसडीपीओ कुमार ने कहा, “शव पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवती की हत्या कहीं और की गई और शव यहां लाकर फेंका गया।”
उन्होंने बताया कि जांचकर्ता इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन

Facebook


