बिहार में मुठभेड़ और बुलडोजर का राज लेकर आई भाजपा: वामपंथी नेता दीपांकर
बिहार में मुठभेड़ और बुलडोजर का राज लेकर आई भाजपा: वामपंथी नेता दीपांकर
(तस्वीर के साथ)
पटना, 23 मई (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने शनिवार को बिहार में सत्तारूढ़ भाजपा पर ‘न्याय के साथ विकास’ के सिद्धांत को त्यागने और ‘मुठभेड़ व बुलडोजर के शासन’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
भट्टाचार्य ने सम्राट चौधरी के बिहार के मुख्यमंत्री बनने के लगभग एक महीने बाद एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्राथमिकताएं कानून के शासन के लिए हानिकारक हैं।
उन्होंने कहा, “सिर्फ इतना ही नहीं कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया है। राजनीतिक विमर्श और शासन प्रणाली भी पूरी तरह से बदल गई है। ‘सुशासन’ और ‘न्याय के साथ विकास’ अब सरकार का आदर्श वाक्य नहीं रह गया।”
भाकपा (माले)लबिरेशन ने कुछ मौकों पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के साथ गठबंधन किया है।
वामपंथी नेता ने आरोप लगाया, “भाजपा के शासन में मुठभेड़ और बुलडोजर चर्चा का विषय बन गए हैं। लेकिन हमें याद रखना चाहिए कि मुठभेड़ और बुलडोजर का शासन यह दर्शाता है कि कानून का राज ध्वस्त हो गया है।”
उन्होंने दावा किया कि अतिक्रमण रोधी अभियानों, सांप्रदायिक तनाव, पीट-पीटकर हत्या, किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों और बेरोजगार युवाओं के आंदोलनों को दबाने के नाम पर राज्य अब बड़े पैमाने पर लोगों के विस्थापन के खतरे का सामना कर रहा है।
दीपांकर ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का जिक्र करते हुए कहा, “यह भले ही काफी हद तक इंटरनेट पर ही केंद्रित हो, लेकिन फिर भी यह देश के व्यथित युवाओं की आवाज को बुलंद करता है। इसलिए हम इसका समर्थन करते हैं। इसके सोशल मीडिया प्रोफाइल पर की गई कार्रवाई इस बात का सबूत है कि अपने विरोधियों को डराने-धमकाने में माहिर केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार अब खुद डर गई है।”
भाषा जितेंद्र धीरज
धीरज

Facebook


