नीतीश कुमार के नाम पर बख्तियारपुर का नामकरण करने की मांग का चिराग ने किया समर्थन
नीतीश कुमार के नाम पर बख्तियारपुर का नामकरण करने की मांग का चिराग ने किया समर्थन
पटना, दस सितंबर (भाषा) केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने बृहस्पतिवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर बख्तियारपुर का नाम बदलने की मांग का समर्थन किया।
पासवान, बिहार सरकार के मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के नेता संतोष कुमार सुमन के एक प्रस्ताव के बारे में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। सुमन ने बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुरम’ करने की मांग की है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा, “यह वास्तव में एक अच्छा सुझाव है। नीतीश कुमार जी ने लंबे समय तक बिहार की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नाम पर किसी स्थान का नामकरण होने से आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान को याद रखेंगी।”
उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने बुधवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पटना में उनके पिता एवं दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है।
चिराग पासवान ने कहा, “चाहे नीतीश कुमार हों, रामविलास पासवान हों या लालू प्रसाद यादव, इन सभी के नाम आने वाली पीढ़ियों तक याद किए जाएंगे। उनके नाम पर स्थानों का नामकरण करने या उनकी प्रतिमाएं स्थापित करने में कुछ भी गलत नहीं है।”
उन्होंने कहा, “यह सही है कि बिहार में शराबबंदी से राजस्व का नुकसान हुआ है, लेकिन यह जनभावनाओं से जुड़ा विषय है। मैंने हमेशा ऐसी भावनाओं का सम्मान किया है। राजस्व के लिए शराब ही एकमात्र स्रोत नहीं है, अन्य क्षेत्रों से भी आय के स्रोत विकसित करने की आवश्यकता है।”
चिराग पासवान ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार राज्य का बजट और अधिक बढ़ाने में सफल होगी।
बिहार में बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर उन्होंने कहा, “हम प्रभावित लोगों तक सर्वोत्तम राहत पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। मेरा लोकसभा क्षेत्र हाजीपुर भी बाढ़ से प्रभावित है। मैं लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में हूं और मैंने मुख्यमंत्री से वहां राहत कार्य तेज करने का आग्रह किया है।”
गंगा जल बंटवारा संधि को नवीनीकृत नहीं करने की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की मांग पर पासवान ने कहा कि राजग इन मुद्दों को गठबंधन के भीतर मिलकर सुलझाने में सक्षम है।
उन्होंने कहा, “जो भी मुद्दे हों, किसी भी निर्णय पर पहुंचने से पहले हमें साथ बैठकर उनका समाधान करना चाहिए।”
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पिछले तीन दशकों से गंगा जल बंटवारा संधि के माध्यम से बिहार का पानी “छीना” गया है और केंद्र से इस वर्ष दिसंबर में संधि की अवधि समाप्त होने के बाद इसका नवीनीकरण नहीं करने का आग्रह किया है।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


