बिहार: दुलार चंद यादव हत्याकांड में जदयू विधायक अनंत सिंह को मिली जमानत
बिहार: दुलार चंद यादव हत्याकांड में जदयू विधायक अनंत सिंह को मिली जमानत
पटना, 18 मार्च (भाषा) पटना उच्च न्यायालय ने पिछले वर्ष प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान दुलार चंद यादव की हत्या के मामले में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक अनंत सिंह को बृहस्पतिवार को जमानत दे दी।
सिंह को एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था और उन पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
सिंह ने मोकामा विधानसभा सीट से जेल में रहते हुए चुनाव जीता था और राष्ट्रीय जनता दल ( राजद) की वीणा सिंह को 28,000 से अधिक मतों से हराया था। न्यायमूर्ति रुद्र प्रकाश मिश्रा की पीठ ने 15,000 रुपये के मुचलके पर सिंह को जमानत प्रदान की।
अदालत ने आदेश में कहा, “याचिकाकर्ता मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ नहीं करेगा और न ही किसी गवाह को प्रभावित या धमकाएगा।”
यादव, चुनाव में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन कर रहे थे।
यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, हृदय और फेफड़ों में भारी वस्तु से लगी चोट के कारण पहुंचे आघात से कार्डियो-रेस्पिरेटरी फेल्योर के कारण उनकी मौत हुई। मोकामा विधानसभा सीट पर 1990 से सिंह के परिवार का कब्जा रहा है फिर चाहे सरकारी किसी भी पार्टी की रही हो।
सिंह ने वर्ष 2022 में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम से जुड़े एक मामले में दोषसिद्धि के कारण विधानसभा की सदस्यता समाप्त होने पर यह सीट छोड़ दी थी।
सीट पर हुए उपचुनाव में सिंह की पत्नी नीलम देवी ने जीत हासिल की थी।
उच्च न्यायालय ने हालांकि बाद में उन्हें उस मामले में बरी कर दिया था।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


