कैपिटल ग्रुप, एबरडीन समेत अन्य निवेशकों ने वेलस्पन कॉर्प में 2.4 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी

Ads

कैपिटल ग्रुप, एबरडीन समेत अन्य निवेशकों ने वेलस्पन कॉर्प में 2.4 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 03:49 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 03:49 PM IST

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) कैपिटल ग्रुप, एबरडीन इन्वेस्टमेंट्स और घरेलू निवेशकों ने भवन निर्माण सामग्री कंपनी वेलस्पन कॉर्प में सामूहिक रूप से 2.4 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,433.44 करोड़ रुपये में खरीदी है। यह खरीद एनएसई पर कई थोक सौदों के जरिये की गई।

हिस्सेदारी खरीद की खबर के बाद बृहस्पतिवार को वेलस्पन कॉर्प के शेयर में करीब छह प्रतिशत की तेजी आई और कारोबार के दौरान यह 2,437.30 रुपये के 52-सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंच गया।

निवेशकों ने कुल 63 लाख शेयर खरीदे, जो मुंबई स्थित इस कंपनी में 2.39 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। इन शेयरों की खरीद बुधवार को औसतन 2,275.30 रुपये प्रति शेयर के भाव पर की गई।

अमेरिका स्थित कैपिटल ग्रुप सबसे बड़ी खरीदार रही। उसकी सहयोगी इकाइयों ने 14 किस्तों में 47,84,526 शेयर खरीदे, जो कंपनी में 1.81 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है।

अन्य खरीदारों में स्कॉटलैंड स्थित एबरडीन इन्वेस्टमेंट्स, एडेलवाइस और क्वांट द्वारा प्रबंधित म्यूचुअल फंड तथा एडेलवाइस लाइफ इंश्योरेंस कंपनी शामिल हैं।

वहीं दूसरी ओर, प्रवर्तक समूह की इकाई वेलस्पन इन्वेस्टमेंट्स एंड कमर्शियल्स लिमिटेड ने 60 लाख शेयर यानी 2.27 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक विपुल माथुर ने भी इसी भाव पर तीन लाख शेयर बेचे।

शेयरों की बिक्री के बाद कंपनी में वेलस्पन इन्वेस्टमेंट्स एंड कमर्शियल्स की हिस्सेदारी 2.56 प्रतिशत से घटकर 0.29 प्रतिशत रह गई है।

वेलस्पन कॉर्प ने जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ करीब तीन गुना हो गया था। कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 1,047.88 करोड़ रुपये रहा था, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 349.16 करोड़ रुपये था।

भाषा यासिर अजय

अजय