बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए पटना पहुंची निर्वाचन आयोग की टीम
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए पटना पहुंची निर्वाचन आयोग की टीम
पटना, तीन अक्टूबर (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ शुक्रवार शाम बिहार के दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। उनका यह दौरा राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए है।
निर्वाचन विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार, आयोग की टीम शनिवार यानी चार अक्टूबर को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगी और उनके सुझाव पर चर्चा करेगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, इसके बाद आयोग के सदस्य मंडल आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर चुनाव की प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेंगे।
इसके अनुसार, रविवार यानी पांच अक्टूबर को आयोग के सदस्य प्रवर्तन एजेंसियों के नोडल अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और चुनाव के दौरान निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, आयोग की टीम राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक करेगी ताकि राज्य स्तरीय चुनावी तैयारियों का आकलन किया जा सके।
दौरे के अंतिम चरण में पांच अक्टूबर की दोपहर आयोग की टीम प्रेस वार्ता करेगी और अब तक की समीक्षा तथा आगे के दिशा-निर्देश साझा करेगी।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस दौरे का उद्देश्य बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सर्वसमावेशी ढंग से संपन्न कराना है।
भाषा कैलाश
खारी
खारी

Facebook


