राज्य और राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव क्रमशः सात और 13 जून को होंगे : उपेंद्र कुशवाहा

राज्य और राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव क्रमशः सात और 13 जून को होंगे : उपेंद्र कुशवाहा

राज्य और राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव क्रमशः सात और 13 जून को होंगे : उपेंद्र कुशवाहा
Modified Date: June 5, 2026 / 05:53 pm IST
Published Date: June 5, 2026 5:53 pm IST

पटना, पांच जून (भाषा) राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को पार्टी की राज्य इकाई और राष्ट्रीय इकाई के अध्यक्ष पद के चुनाव क्रमशः सात जून और 13 जून को किए जाने की घोषणा की।

कुशवाहा ने पटना स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘पार्टी की राज्य इकाई और राष्ट्रीय इकाई के अध्यक्ष पद के चुनाव क्रमशः सात जून और 13 जून को लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराए जाएंगे।’’ उन्होंने बताया कि राज्य इकाई के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया शनिवार से शुरू होगी और रविवार को पटना के रविंद्र भवन में राज्य परिषद के सदस्यों और प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य इकाई के अध्यक्ष का चुनाव होगा।

कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय इकाई के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 13 जून को नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में राष्ट्रीय परिषद की बैठक और पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा।

रालोमो प्रमुख ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है और राजनीतिक दलों के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करती है। लोकतांत्रिक भावना को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम चुनाव ही है।’’

उन्होंने बताया कि पार्टी की 32 जिला इकाई के अध्यक्षों का चुनाव पूरा हो चुका है, जबकि शेष जिलों में चल रहे विशेष सदस्यता अभियान के पूरा होने के बाद चुनाव कराए जाएंगे।

कुशवाहा ने कहा कि विशेष सदस्यता अभियान के तहत अब तक 22 लाख प्राथमिक सदस्य बनाए जा चुके हैं।

विधान परिषद के 18 जून को होने वाली चुनाव में पुत्र दीपक प्रकाश के नामांकन दाखिल करने की संभावना से जुड़े प्रश्न पर कुशवाहा ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

दीपक प्रकाश को मई में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाले बिहार मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।

नियमों के अनुसार, उन्हें बिहार विधानमंडल के किसी एक सदन का सदस्य बनना होगा।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में