बिहार : गौतम अदाणी ने सारण में नेत्र अस्पताल की आधारशिला रखी
बिहार : गौतम अदाणी ने सारण में नेत्र अस्पताल की आधारशिला रखी
(तस्वीरों के साथ)
सारण(बिहार),17 मई (भाषा) अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी ने बिहार के सारण जिले के मस्तीचक क्षेत्र में अखंड ज्योति नेत्र अस्पताल के सहयोग से ‘अदाणी नेत्र रोग केंद्र (एसीई)’ स्थापित करने के लिए रविवार को ‘भूमि पूजन’ किया।
अदाणी फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रीति अदाणी के साथ आए अदाणी ने कहा कि एसीई जरूरतमंद लोगों को सुलभ और किफायती नेत्र देखभाल प्रदान करने का एक बड़ा प्रयास होगा।
इससे पहले, अदाणी समूह के अध्यक्ष और प्रीति अदाणी ने इलाके में स्थित गायत्री शक्तिपीठ मंदिर में पूजा-अर्चना की।
गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ अदाणी अखंड ज्योति ट्रस्ट पूर्ण समर्पण, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ अथक परिश्रम करना जारी रखेगा। सेवा और मानवता के इन पवित्र प्रयासों के लिए, हमने आने वाले वर्षों में 700 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान करने का संकल्प लिया है।’’
उद्योगपति ने कहा कि बिहार हमेशा से राष्ट्र को नई चेतना प्रदान करने वाली भूमि रही है। उन्होंने कहा,‘‘यह नेक अभियान सेवा, मूल्यों और समर्पण की उसी भावना के माध्यम से देश में नई रोशनी लाने का एक प्रयास है। बिहार की जनता को उनके प्रेम और आशीर्वाद के लिए हार्दिक धन्यवाद।’’
अदाणी ने पोस्ट में लिखा,‘‘आज बिहार की पवित्र भूमि मस्तीचक पहुंचकर मेरा हृदय गर्व, भावनाओं और गहरे स्नेह से भर गया। गायत्री शक्तिपीठ पहुंचकर मैंने एक विशिष्ट ऊर्जा और आध्यात्मिक प्रेरणा का अनुभव किया। किसी की आंखों की रोशनी को लौटाना मात्र उपचार नहीं है… यह उनके जीवन में आशा, आत्मविश्वास और गरिमा को वापस लाने का पवित्र कार्य है।’’
उन्होंने लिखा कि गायत्री परिवार, अखंड ज्योति और पूज्य मृत्युंजय जी जिस प्रकार अपनी सेवा भावना से समाज को नई दिशा दे रहे हैं, उससे वह अत्यंत प्रभावित हैं और उन्हें उनके असाधारण कार्य के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हैं।
अदाणी ने कहा कि उनके लिए ‘सेवा ही साधना है’, केवल एक नारा नहीं, बल्कि करुणा को कर्म में बदलने की प्रेरणा है।
अदाणी ने कहा कि अखंड ज्योति फाउंडेशन भी सामाजिक सेवा के माध्यम से इस विचार को साकार कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘इसी भावना से प्रेरित होकर, हम अदाणी फाउंडेशन और अखंड ज्योति अस्पताल के साथ मिलकर एसीई (एसीई) कार्यक्रम शुरू कर रहे हैं, जो जरूरतमंदों को सुलभ और किफायती नेत्र देखभाल प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा।’’
भाषा धीरज संतोष
संतोष

Facebook


