‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रति जनता की प्रतिक्रिया पर सरकार को ध्यान देना चाहिए : प्रशांत किशोर

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रति जनता की प्रतिक्रिया पर सरकार को ध्यान देना चाहिए : प्रशांत किशोर

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रति जनता की प्रतिक्रिया पर सरकार को ध्यान देना चाहिए : प्रशांत किशोर
Modified Date: May 23, 2026 / 08:43 pm IST
Published Date: May 23, 2026 8:43 pm IST

पटना, 23 मई (भाषा) जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शनिवार को कहा कि व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अकाउंट ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई को लेकर जनता की परेशानी को रेखांकित करती है और सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।

पूर्व चुनाव रणनीतिकार ने यह भी दावा किया कि यह अब तक एक ‘‘सोशल मीडिया अभियान’’ है, लेकिन इसकी लोकप्रियता से संकेत मिलता है कि ‘‘व्यवस्था पर भरोसा, चिंता में बदल रहा है’’।

यह सोशल मीडिया अकाउंट पिछले सप्ताह प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा एक वकील के लिए ‘वरिष्ठ’ पदनाम के मुद्दे पर अदालत की सुनवाई के दौरान ‘कॉकरोच’ और ‘‘परजीवियों’’ के बारे में की गई टिप्पणियों पर हुए विवाद के बाद सामने आया।

इस अभियान को लेकर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए किशोर ने कहा, ‘‘इस तथाकथित पार्टी की चर्चा इसलिए हो रही है, क्योंकि इंटरनेट पर आने के कुछ ही समय में लगभग दो करोड़ लोगों ने पंजीकरण करा लिया है। बेशक, अभी तक ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का कोई संगठनात्मक ढांचा नहीं है और इसके उद्देश्यों और नेतृत्व के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह समझना जरूरी है कि जनता में व्याप्त असंतोष के कारण इतने सारे लोग इस पार्टी से जुड़ रहे हैं। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई और गैस एवं उर्वरकों की अनुपलब्धता जैसी समस्याओं ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी है कि इतने सारे लोग इस अभियान का समर्थन कर रहे हैं।’’

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में