सरकार चुनावी लाभ के लिए महिलाओं को लुभाने की कोशिश कर रही: प्रियंका गांधी

सरकार चुनावी लाभ के लिए महिलाओं को लुभाने की कोशिश कर रही: प्रियंका गांधी

सरकार चुनावी लाभ के लिए महिलाओं को लुभाने की कोशिश कर रही: प्रियंका गांधी
Modified Date: September 26, 2025 / 06:04 pm IST
Published Date: September 26, 2025 6:04 pm IST

पटना, 26 सितंबर (भाषा) कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बिहार में ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत किये जाने पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि सरकार चुनावी लाभ के लिए महिलाओं को लुभाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘यह योजना चुनाव से ठीक पहले क्यों लाई जा रही है? पिछले 20 साल से किसकी सरकार सत्ता में रही है? इतने सालों में यह काम क्यों नहीं किया गया? अब अचानक इन्हें महिलाओं की याद आ रही है। यह साफ है कि इन्हें लगता है कि इस योजना के जरिये महिलाओं का वोट हासिल किया जा सकता है।’’

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य, दोनों ही सरकारों ने लंबे समय तक महिलाओं के हित की योजनाओं को दरकिनार किया और अब चुनाव से पूर्व रोजगार योजना का ऐलान किया जा रहा है।

गांधी ने कहा कि अब दाल नहीं गलने वाली है, क्योंकि बिहार की महिलाएं सब समझ रहीं हैं। महिलाओं के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लेने पटना पहुंचीं प्रियंका हवाई अड्डे के बाहर पत्रकारों से मुखातिब थीं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की छोटी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा का पटना हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह से स्वागत किया। वहां से वह सीधे सदाकत आश्रम (कांग्रेस का प्रदेश मुख्यालय) पहुंचीं, जहां ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम के तहत उन्होंने स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं के साथ बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार बदलने पर हालात बदलने का आश्वासन दिया। उसके बाद वे वहां से मोतिहारी में एक रैली को संबोधित करने के लिए रवाना हो गईं।

यह 52 वर्षीय प्रियंका का बिहार में पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है, जहां इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव भी प्रियंका गांधी वाद्रा का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डा पर पहुंचे। पप्पू यादव कांग्रेस के प्रति निष्ठा रखते हैं और बिहार में पार्टी की बैठकों में शामिल होते रहते हैं।

पप्पू यादव ने इसे ‘‘ऐतिहासिक मौका’’ करार दिया। उनकी पत्नी रंजीत रंजन कांग्रेस की राज्यसभा सांसद और पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं।

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत की और बिहार की महिलाओं को ऑनलाइन संबोधित किया। इस योजना के तहत राज्य की 75 लाख महिलाओं को आजीविका शुरू करने के लिए 10-10 हजार रुपये दिए गए।

भाषा कैलाश

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में