पटना, 30 मई (भाषा) बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को उस बंगले को ‘‘बलपूर्वक’’ खाली कराने की चुनौती दी जिसमें वह एक दशक से अधिक समय से रह रही हैं। राबड़ी देवी ने दो-टूक अंदाज में कहा कि वह अपना बंगला खाली नहीं करेंगी।
वर्ष 1997 से 2005 तक आठ साल मुख्यमंत्री रहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता राबड़ी देवी उस समय बिफर पड़ीं जब कुछ पत्रकारों ने उनसे भवन निर्माण विभाग के उस आदेश के बारे में पूछा, जिसमें पटना के सर्कुलर रोड स्थित बंगला नंबर 10 का आवंटन डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री नंद किशोर राम को किया गया है।
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने नाराजगी जताते हुए कहा, ‘‘हां, मैं देख सकती हूं कि हाल ही में मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी काफी उत्साहित हैं। वह मुझे जबरन हटा दें। मैं यह बंगला खाली नहीं करने वाली।’’
दिल्ली से लौटीं राबड़ी देवी से इस घटनाक्रम के बारे में पटना हवाई अड्डे पर सवाल किया गया। दिल्ली में उन्होंने अपने पोते का जन्मदिन मनाया और बताया जा रहा है कि उनके पति वहीं से इलाज के लिए सिंगापुर रवाना हुए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी बार-बार याद दिलाती रही हैं कि चौधरी ने अपने करियर की शुरुआत उन्हीं के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में की थी।
राबड़ी देवी ने अपनी कार के अंदर से मीडियाकर्मियों से बात की और इस दौरान नाराज होकर उनके माइक एक तरफ हटा दिए।
परिवार को लोक भवन और मुख्यमंत्री आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित 10, सर्कुलर रोड बंगला राज्य की पूर्ववर्ती नीतीश कुमार सरकार द्वारा आवंटित किया गया था।
कुछ महीने पहले, चौधरी के मुख्यमंत्री बनने से पूर्व भवन निर्माण विभाग द्वारा एक आदेश जारी किया गया था कि यह बंगला अब से केवल किसी उपमुख्यमंत्री को ही आवंटित किया जाएगा। बिहार में चौधरी के रूप में पहली बार भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है।
राज्य विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राबड़ी देवी को हार्डिंग रोड स्थित एक अन्य आवास में स्थानांतरित होने के लिए कहा गया था।
हालांकि, वह सर्कुलर रोड स्थित 10 नंबर के बंगले में अपने पति के साथ रहती रहीं।
इसके अलावा उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव भी अपना अधिकांश समय अपने माता-पिता को आवंटित इसी बंगले में ही बिताते हैं। तेजस्वी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में पोलो रोड स्थित 1 नंबर का बंगला आवंटित किया गया है।
इस बीच, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की वरिष्ठ नेता और भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने कहा, ‘‘राबड़ी देवी को हार्डिंग रोड स्थित 39 नंबर का बंगला कुछ समय पहले आवंटित किया जा चुका है, और वह यह नहीं कह सकतीं कि उन्हें उनको मिलने वाली सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। हमने एक मंत्री को सर्कुलर रोड स्थित 10 नंबर का बंगला आवंटित किया है, और राबड़ी देवी किसी तरह की रियायत की उम्मीद नहीं कर सकतीं।’’
भाषा संतोष नेत्रपाल
नेत्रपाल