जन सुराज पार्टी ने मंत्री अशोक चौधरी से जुड़े जमीन खरीद मामले में कागजात पेश किए

जन सुराज पार्टी ने मंत्री अशोक चौधरी से जुड़े जमीन खरीद मामले में कागजात पेश किए

जन सुराज पार्टी ने मंत्री अशोक चौधरी से जुड़े जमीन खरीद मामले में कागजात पेश किए
Modified Date: September 25, 2025 / 09:54 pm IST
Published Date: September 25, 2025 9:54 pm IST

पटना, 25 सितंबर (भाषा) जन सुराज पार्टी ने बृहस्पतिवार को बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनसे जुड़े जमीन खरीद मामलों के दस्तावेज सार्वजनिक किए।

पार्टी के प्रदेश महासचिव और पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि मंत्री की पत्नी, बेटी और उनसे जुड़े ट्रस्ट ने बाजार मूल्य 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां कम कीमत पर खरीदीं।

किशोर कुमार ने कहा कि अशोक चौधरी की पत्नी नीता केसकर चौधरी ने 2021 और 2022 में पटना में दो प्रॉपर्टी खरीदी, जिन पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च किए गए।

उन्होंने कहा, ‘‘एक संपत्ति के दस्तावेज में उन्होंने पति अशोक चौधरी का नाम लिखा जबकि दूसरी संपति पिता के नाम का उल्लेखकर खरीदी । सवाल है कि इतनी बड़ी रकम का स्रोत कहां से आया और अलग-अलग पहचान क्यों दी गई।’’

उन्होंने बताया कि नीता केसकर चौधरी पंजाब नेशनल बैंक से तीन करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में भी आरोपी हैं, जो फिलहाल उच्चतम न्यायालय में लंबित है।

जन सुराज पार्टी ने मानव वैभव विकास ट्रस्ट द्वारा खरीदी गई छह संपत्तियों के दस्तावेज भी जारी किए। किशोर कुमार ने कहा कि 2021 और 2022 के बीच पटना के पॉश इलाकों में करीब 47 करोड़ रुपये में संपत्तियां खरीदी गईं, जिनकी बाजार कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जैसे ही अशोक चौधरी की बेटी शांभवी चौधरी की शादी स्वर्गीय किशोर कुणाल के बेटे सायन कुणाल से तय हुई, तब से विवाह तक की अवधि में यह संपत्तियां खरीदी गईं। सवाल है कि ट्रस्ट ने अचानक इतनी बड़ी खरीददारी क्यों की।’’

किशोर कुमार ने यह भी कहा कि अशोक चौधरी ने अपने पूर्व निजी सहायक योगेंद्र दत्त के माध्यम से संपत्ति खरीदी और बाद में उसे बेटी शांभवी चौधरी के नाम कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘2019 से 2025 के बीच इस लेन-देन में बहुत बड़ी रकम का आदान-प्रदान हुआ, उसके बाद इस संबंध में आयकर विभाग नोटिस भी दिया है।’’

जन सुराज पार्टी के नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मांग की कि वह अशोक चौधरी से जवाब लें और यदि वह इस्तीफा नहीं देते हैं तो उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें।

किशोर कुमार ने कहा, ‘‘ मुख्यमंत्री को अशोक चौधरी पर भी कार्रवाई करनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो हम न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाने को तैयार हैं, लेकिन पहले जनता की अदालत में न्याय चाहते हैं।’’

इस संबंध में मंत्री अशोक चौधरी से बात करने की बार बार कोशिश की गयी, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

भाषा कैलाश राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में