सीईपीटी अहमदाबाद के सहयोग से बिहार में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास को मिलेगी गति: मंत्री

Ads

सीईपीटी अहमदाबाद के सहयोग से बिहार में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास को मिलेगी गति: मंत्री

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 09:25 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 09:25 PM IST

पटना, 15 सितंबर (भाषा) बिहार में भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहरी विकास की योजना तैयार करने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग और अहमदाबाद के ‘सेंटर फॉर एनवायरनमेंट प्लानिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीईपीटी) एडवाइजरी फाउंडेशन के बीच मंगलवार को तकनीकी सहायता इकाई (टीएसयू) स्थापित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि इस तकनीकी सहयोग से राज्य में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के सुनियोजित और सतत विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सीईपीटी एडवाइजरी फाउंडेशन आधुनिक शहरी नियोजन, भूमि उपयोग नियोजन, स्थानिक विकास, नीति निर्माण, आधारभूत ढांचे के विकास और दीर्घकालिक शहरी विकास रणनीति तैयार करने में विभाग को तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध कराएगा।

विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकसित एवं समृद्ध बिहार के दृष्टिकोण के अनुरूप भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए और आधुनिक शहरी क्षेत्रों के विकास पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सीईपीटी जैसी प्रतिष्ठित तकनीकी संस्था के साथ यह साझेदारी बिहार में टिकाऊ, वैज्ञानिक और भविष्य उन्मुख शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

उन्होंने कहा कि तकनीकी सहायता इकाई डेटा आधारित और वैज्ञानिक शहरी नियोजन में विभाग को तकनीकी सहयोग देगी। इससे प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में बेहतर संपर्क, आधुनिक आधारभूत ढांचा, पर्यावरणीय स्थिरता और नागरिक सुविधाओं के विकास में मदद मिलेगी।

समझौता ज्ञापन पर नगर विकास एवं आवास विभाग के विशेष सचिव-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बिहार नगर विकास प्राधिकरण नवल किशोर चौधरी और सीईपीटी एडवाइजरी फाउंडेशन के निदेशक दर्शन पारिख ने हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

भाषा कैलाश

गोला

गोला