‘खान सर कोचिंग’ के गार्ड हिरासत में, तोड़फोड़ के दौरान फायरिंग करने का आरोप

‘खान सर कोचिंग’ के गार्ड हिरासत में, तोड़फोड़ के दौरान फायरिंग करने का आरोप

‘खान सर कोचिंग’ के गार्ड हिरासत में, तोड़फोड़ के दौरान फायरिंग करने का आरोप
Modified Date: June 4, 2026 / 09:14 pm IST
Published Date: June 4, 2026 9:14 pm IST

पटना, चार जून (भाषा) बिहार पुलिस ने यहां ‘खान ग्लोबल स्टडीज (केजीएस) संस्थान’ के दो सुरक्षा गार्डों को कथित फायरिंग के आरोप में हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई एक दिन पहले कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और पथराव की घटना के बाद की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो प्रसारित हुआ है, जिसमें दो गार्ड फायरिंग करते हुए दिख रहे हैं। हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है।

मंगलवार रात 15-20 लोगों ने कथित तौर पर संस्थान में तोड़फोड़ की और परिसर पर पथराव किया था। यह संस्थान चर्चित शिक्षक फैसल खान, जिन्हें ‘खान सर’ के नाम से जाना जाता है, द्वारा संचालित है।

शहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी बयान के अनुसार इस मामले में कदमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

बयान में कहा गया, ‘‘जांच के दौरान पुलिस को एक कथित वीडियो मिला, जिसमें दो व्यक्ति हवाई फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के सत्यापन के बाद केजीएस से जुड़े दो गार्डों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।’’

पुलिस ने बताया कि ‘फायरिंग’ में जिन हथियारों का इस्तेमाल किए जाने का संदेह है, उन्हें जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

तोड़फोड़ की घटना के तुरंत बाद केजीएस के संस्थापक खान सर ने आरोप लगाया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने फायरिंग की थी। हालांकि बाद में उन्होंने कहा था कि वास्तव में फायरिंग हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि केवल पुलिस जांच से ही हो सकती है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के निदेशक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इस बीच, प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि खान सर ने स्वयं इस घटना की साजिश रची थी।

गार्डों द्वारा कथित फायरिंग का वीडियो दिखाते हुए आदर्श नामक एक सदस्य ने दावा किया कि खान सर ने फायरिंग की कहानी गढ़ी थी।

आदर्श ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुलिस जांच में फायरिंग के कोई साक्ष्य नहीं मिले, जबकि खान सर ने दावा किया था कि उनके सामने 7-8 राउंड फायरिंग हुई थी। अब जो वीडियो सामने आया है, उसमें उनके गार्ड गोली चलाते दिखाई दे रहे हैं। इससे साफ है कि फायरिंग को लेकर झूठा माहौल बनाने की कोशिश किसने की।’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खान सर ने अपनी ‘‘पिछड़ती हुई शिक्षण गतिविधि’’ को बढ़ावा देने के लिए इस घटना को अंजाम दिलाया। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि इससे उन्हें क्या लाभ हो सकता था।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में