भाजपा के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का प्रयास करें नेता और कार्यकर्ता : नड्डा
भाजपा के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का प्रयास करें नेता और कार्यकर्ता : नड्डा
पटना, 25 जून (भाषा) भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बृहस्पतिवार को पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला एक सशक्त संगठन है।
उन्होंने पटना के एक दिवसीय दौरे के दौरान प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के विभिन्न विभागों के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान यह बात कही।
बैठक को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर तक सक्रिय संगठनात्मक ढांचे में निहित है।
बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा बिहार के महासचिव भीखूभाई दलसानिया समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
भाजपा की ओर से जारी बयान के अनुसार, नड्डा ने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारी है कि वह पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए।
इससे पहले नड्डा ने पटना के ज्ञान भवन में आयोजित ‘संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रम में भाग लिया।
केंद्रीय मंत्री ने बाद में लोकनायक जयप्रकाश नारायण तथा उनकी पत्नी प्रभावती द्वारा स्थापित महिला कल्याण संस्था ‘महिला चरखा समिति’ परिसर स्थित जयप्रकाश नारायण स्मारक पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
भाषा कैलाश जोहेब
जोहेब

Facebook


