कटिहार में पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क से संबंध के संदेह में युवक गिरफ्तार

कटिहार में पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क से संबंध के संदेह में युवक गिरफ्तार

कटिहार में पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क से संबंध के संदेह में युवक गिरफ्तार
Modified Date: July 13, 2026 / 11:26 pm IST
Published Date: July 13, 2026 11:26 pm IST

कटिहार, 13 जुलाई (भाषा) बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र से पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से कथित संबंध होने के संदेह में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि युवक की पहचान कटिहार जिले के मुसापुर गांव निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद अहद के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘विशिष्ट सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने कोढ़ा थाना क्षेत्र के मुसापुर गांव निवासी मोहम्मद अहद को पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से कथित संबंध होने के संदेह में हिरासत में लिया था। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे सोमवार को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।’’

उन्होंने बताया कि जांच तथा आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों के तकनीकी विश्लेषण में पता चला कि वह ‘इंस्टाग्राम’ और ‘व्हॉट्सऐप’ के माध्यम से पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर राणा हसीन उर्फ राणा हसीन के लगातार संपर्क में था।

पुलिस के अनुसार, राणा हसीन का संबंध पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क से बताया जाता है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े संदेशों का आदान-प्रदान किया, फोन कॉल किए, संवेदनशील स्थानों से संबंधित सूचनाएं साझा कीं और आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ी सामग्री का भी आदान-प्रदान किया।

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘संदिग्ध से जुड़े अन्य व्यक्तियों के मोबाइल फोन की भी जांच की गई, लेकिन उनमें कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी उससे पूछताछ कर रही हैं।’’

भाषा कैलाश खारी

खारी


लेखक के बारे में