मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हुई

मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हुई

मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हुई
Modified Date: June 5, 2026 / 02:07 pm IST
Published Date: June 5, 2026 2:07 pm IST

मुजफ्फरपुर, पांच जून (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में आग लगने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि बृहस्पतिवार को धुएं से भर गए आईसीयू से बचाए गए मरीजों में से एक ने दूसरे अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत सेन ने बताया कि मृतक ब्रजनंदन राय (60) जिले के कुढ़नी प्रखंड के निवासी थे।

सेन ने कहा, ‘‘राय उन कई मरीजों में शामिल थे जिन्हें दमकलकर्मियों ने प्रसाद अस्पताल के आईसीयू से बाहर निकाला था। आईसीयू में भर्ती सभी मरीजों की हालत गंभीर थी। प्रशासन ने उन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराने की व्यवस्था की थी, लेकिन दुर्भाग्यवश राय को बचाया नहीं जा सका।’’

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की नीति के अनुसार राय के परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि प्रदान कर दी गई है।

प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में बृहस्पतिवार को शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगने और धुआं भर जाने से पांच मरीजों की दम घुटने से मौत हो गई थी। आरोप है कि घटना के दौरान अस्पताल का स्टाफ मरीजों को उनके हाल पर छोड़कर भाग गया था।

जिला प्रशासन ने घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की है। वहीं, मुजफ्फरपुर मुख्यालय वाले तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरीवर दयाल सिंह ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है, ताकि लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।

भाषा कैलाश

मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में