पटना, 27 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को आरोप लगाया कि बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है और झूठे वादों के जरिए उनकी भावनाओं का फायदा उठाया है।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव ने यहां जारी एक बयान में कहा कि विधानसभा चुनाव में हार की आशंका होते ही राजग सरकार ने मतदान के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए महिलाओं और जीविका दीदियों के बैंक खातों में 10 हजार रुपये भेजे।
उन्होंने आरोप लगाया कि लाभार्थियों को डराया-धमकाकर कहा गया कि मतदान केंद्रों पर कैमरे लगे हैं तथा यदि एक विशेष पार्टी के पक्ष में मतदान नहीं किया गया तो खातों में भेजी गई राशि वापस ले ली जाएगी।
यादव ने कहा कि महिलाओं को यह भी आश्वासन दिया गया था कि चुनाव के बाद दो लाख रुपये की अगली किश्त छह महीने में उनके खातों में भेज दी जाएगी, लेकिन अब छह महीने बीत जाने के बाद भी ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद इस योजना में पहले से पंजीकृत 18 लाख महिलाओं को पहली किश्त नहीं मिली, जबकि 1 करोड़ 81 लाख जीविका दीदियों और अन्य महिलाओं को दूसरी किश्त भी नहीं दी गई।
राजद नेता ने आरोप लगाया कि केवल चुनावी लाभ लेने के लिए राजग ने बिहार की महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की है तथा उनके परिवारों के वर्तमान व भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति खराब हो चुकी है और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा कृषि जैसे क्षेत्रों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
यादव ने आरोप लगाया कि सीमित संसाधनों के बावजूद चुनावी लाभ के लिए उधार लेकर विभिन्न मदों में 41,000 करोड़ रुपये नकद बांटना राज्य के हित के खिलाफ था।
उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन ने जनहित के बजाय स्वार्थ को प्राथमिकता दी, जिसका खामियाजा राज्य की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
भाषा कैलाश मनीषा जोहेब
जोहेब