राज्यसभा की सभी पांच सीटें जीतेगा राजग : जद(यू)

Ads

राज्यसभा की सभी पांच सीटें जीतेगा राजग : जद(यू)

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 12:35 AM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 12:35 AM IST

पटना, 19 फरवरी (भाषा) जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के राष्ट्रीय महासचिव अशोक चौधरी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सभी पांच सीट पर जीत दर्ज करेगा।

देश के 10 राज्यों की 37 सीट के लिए राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को होने हैं।

बिहार से राज्यसभा की 16 सीटें हैं, जिनमें से पांच सीट संबंधित सदस्यों के कार्यकाल समाप्त होने के कारण रिक्त हो रही हैं। इनमें जद(यू) के हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रेमचंद गुप्ता और अमरेंद्र धारी सिंह के साथ राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं।

हालिया विधानसभा चुनावों के बाद बिहार विधानसभा में राजग का संयुक्त आंकड़ा 202 तक पहुंच गया है। ऐसे में सत्तारूढ़ गठबंधन चार सीट जीतने की मजबूत स्थिति में है, जबकि पांचवीं सीट के लिए उसे तीन अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी।

हालांकि, चौधरी ने दावा किया कि राजग सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज करेगा।

जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके गठबंधन के पास सभी सीटें जीतने के लिए तीन विधायकों की कमी नहीं है, तो उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “यह कोई बड़ी बात नहीं है। हम चुनाव से पहले तीन से अधिक विधायकों का समर्थन हासिल कर लेंगे।”

पांच विधायकों वाली अखिल भारतीय मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) इस समीकरण में अहम भूमिका निभा सकती है।

एआईएमआईएम के बिहार अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने “धर्मनिरपेक्ष” दलों से उनके उम्मीदवार का समर्थन करने की अपील की है।

भाषा कैलाश खारी

खारी