पटना, चार अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की ‘‘अभूतपूर्व और शानदार’’ विकास पहलों की बदौलत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार विधानसभा चुनाव में ‘‘रिकॉर्ड तोड़ बहुमत’’ हासिल करेगा।
पत्रकारों से बात करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए 62,000 करोड़ रुपए की योजनाओं की सौगात दी है, जिसमें पूर्वी भारत खासकर बिहार पर विशेष ध्यान दिया गया है।
चौहान ने कहा, ‘‘मैं बिहार पहुंचा तो देखा कि जोरदार बारिश हो रही है। दूसरी तरफ बिहार पर प्रधानमंत्री की सौगातों की भी बारिश हुई। वह सौगातें अभूतपूर्व और शानदार हैं।’’
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे चौहान ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और (मुख्यमंत्री) नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार में विकास की गंगा बही है, जो पूरी दुनिया के सामने उदाहरण बन चुकी है।’’
उन्होंने बताया कि वह यहां ‘‘मखाना महोत्सव’’ में शामिल होने आए हैं।
चौहान ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने मखाना बोर्ड की स्थापना कर बिहार के इस प्रसिद्ध उत्पाद को बढ़ावा दिया है। इस तरफ के आयोजन निवेश और रोजगार सृजन के अवसर लाते हैं। हम बीज विकसित कर रहे हैं, जिससे उथले जलाशयों में भी मखाना की खेती संभव हो सके। इससे किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी। हम पैकेजिंग और ब्रांडिंग में भी मदद कर रहे हैं। केवल मखाना ही नहीं, बिहार को और भी कई क्षेत्रों में केंद्र सरकार की सहायता मिल रही है।’’
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी परोक्ष रूप से टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ‘‘एक नेता यहां हैं और दूसरे विदेश में बैठे हैं, जो पहले को मान्यता देने को तैयार नहीं हैं।’’
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य की ओर इशारा करते हुए चौहान ने कहा, ‘‘जिन्होंने अपने पिता को किडनी दान दी, उन्हें सत्ता की होड़ में दरकिनार किया जा रहा है।’’
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी के विदेश दौरे के दौरान भारत में ‘‘लोकतंत्र पर हमले’’ की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘विदेश की धरती पर अपने ही देश के खिलाफ बोलना पाप है। भारत की जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी।’’
भाषा कैलाश
शफीक
शफीक