नीतीश सरकार ने चुनाव से पहले कई योजनाओं की घोषणा की, विपक्ष ने बताया ‘नकल’

Ads

नीतीश सरकार ने चुनाव से पहले कई योजनाओं की घोषणा की, विपक्ष ने बताया ‘नकल’

  •  
  • Publish Date - September 21, 2025 / 07:03 PM IST,
    Updated On - September 21, 2025 / 07:03 PM IST

पटना, 21 सितम्बर (भाषा) बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने कई नई योजनाओं की घोषणा की हालांकि विपक्ष ने आरोप लगाया कि 20 साल तक सत्ता में रहने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ‘इंडिया’ गठबंधन के वादों की नकल कर रहे हैं।

विपक्ष के 200 यूनिट मुफ्त बिजली के वादे के खिलाफ नीतीश कुमार ने हर महीने 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने रविवार को कहा कि गांवों में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और लाभार्थी बनाने वाले 10,000 से अधिक ‘विकास मित्रो’ को टैब खरीदने के लिए 25,000 रुपये की एकमुश्त सहायता दी जाएगी।

नीतीश ने कहा कि विकास मित्रो का परिवहन भत्ता भी 1,900 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रति माह और स्टेशनरी भत्ता 900 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रति माह कर दिया गया।

सरकार ने यह भी तय किया कि महादलित, अल्पसंख्यक और अति पिछड़े वर्ग के बच्चों को औपचारिक शिक्षा से जोड़ने वाले 30,000 से अधिक ‘शिक्षा सेवकों’ और ‘तालीमी मरकज’ को स्मार्टफोन खरीदने के लिए 10,000 रुपये दिए जाएंगे।

इससे पहले जून में सरकार ने बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन 700 रुपये प्रतिमाह बढ़ा दी थी।

मुख्यमंत्री ने 11 जुलाई को 1.11 करोड़ लाभार्थियों के खातों में प्रतिमाह 1100 रुपये की बढ़ी हुई पेंशन राशि भी भेजी थी। सरकार का एक और बड़ा फैसला बेरोजगार युवाओं के लिए भत्ता देने का रहा।

सरकार ने कहा कि स्नातक और 12वीं पास बेरोजगार युवाओं को दो वर्षों तक 1,000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिला उद्यमियों को पहले चरण में 10,000 रुपये और बाद में उनके कारोबार का आकलन कर दो लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी।

इसके अलावा प्रशासन ने 16 लाख निर्माण मजदूरों को 5,000 रुपये का वस्त्र भत्ता देने और जीविका, आंगनबाड़ी तथा आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने का फैसला किया है।

राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने सरकार के हालिया फैसलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘ये ( राजग नेता) हमारी कल्याणकारी योजनाओं की नकल कर रहे हैं। बिहार का युवा इस नकलची और निकम्मी सरकार से छुटकारा चाहता है। हमारे पास बिहार के विकास की स्पष्ट दृष्टि है।’’

उन्होंने दावा किया कि बिहार का युवा ‘‘पुरानी और कमजोर सरकार’’ को हटाकर राजद नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाएगा। वहीं, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, ‘‘नीतीश कुमार जी दूरदर्शी नेता हैं और वह राज्य की महिलाओं, युवाओं और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में उल्लेखनीय बुनियादी ढांचा का विकास हुआ है, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और कानून का राज कायम हुआ है।

प्रसाद ने कहा, ‘‘कैबिनेट के हालिया फैसले, जिनमें अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और अवसर प्रदान करना शामिल है, बिहार को पूरब के विकास इंजन बना देंगे।’’ भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र