खराब मौसम में भी नहीं थमे नीतीश कुमार, 11 निर्वाचन क्षेत्रों में किया रोड शो एवं जनसंपर्क
खराब मौसम में भी नहीं थमे नीतीश कुमार, 11 निर्वाचन क्षेत्रों में किया रोड शो एवं जनसंपर्क
पटना, 31 अक्टूबर (भाषा) खराब मौसम और हेलीकॉप्टर उड़ान में बाधा के बावजूद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशियों के समर्थन में सड़क मार्ग से ही प्रचार अभियान जारी रखा।
उन्होंने 250 किलोमीटर से अधिक की लंबी यात्रा कर समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जिलों के 11 विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो, नुक्कड़ सभाएं एव जनसंपर्क किया।
मुख्यमंत्री के साथ उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद थे। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने रास्ते में जनता का अभिवादन किया। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों ने उन्हें पारंपरिक पाग, शाल और माला पहनाकर स्वागत किया। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने प्रत्याशियों को जीत की शुभकामनाएं दीं और जनता से राजग के पक्ष में मतदान की अपील की।
समस्तीपुर में उनके आगमन के लिए राधाकृष्ण मंडल गोविंद गोस्वामी कॉलेज परिसर में जनसभा की पूरी तैयारी थी, लेकिन भारी बारिश के कारण सभा रद्द करनी पड़ी। इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम रद्द नहीं किया और सड़क मार्ग से समस्तीपुर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
दलसिंहसराय से विभूतिपुर के रास्ते में नीतीश कुमार ने अपनी कार से उतरकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और जदयू प्रत्याशी रामबालक को माला पहनाकर समर्थन जताया।
इसके बाद उन्होंने दरभंगा और मधुबनी की ओर रुख किया। समस्तीपुर जिले के मोरवा, उजियारपुर, विभूतिपुर, रोसड़ा और वारिसनगर में जनता से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री ने दरभंगा में बेनीपुर, अलीनगर, कुशेश्वरस्थान और दरभंगा ग्रामीण क्षेत्रों में रोड शो किया, जहां भारी भीड़ उमड़ी। अलीनगर में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर के समर्थन में प्रचार किया।
मधुबनी जिले में नीतीश कुमार ने फुलपरास और लौकहा में भी लोगों से संवाद किया और राजग उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


