नीतीश ने नियुक्ति आयोगों को जनवरी तक भर्ती कैलेंडर जारी करने का निर्देश दिया

नीतीश ने नियुक्ति आयोगों को जनवरी तक भर्ती कैलेंडर जारी करने का निर्देश दिया

नीतीश ने नियुक्ति आयोगों को जनवरी तक भर्ती कैलेंडर जारी करने का निर्देश दिया
Modified Date: November 27, 2025 / 09:04 pm IST
Published Date: November 27, 2025 9:04 pm IST

पटना, 27 नवम्बर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को राज्य की सभी नियुक्ति आयोगों और चयन एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे जनवरी 2026 में पूरे वर्ष का भर्ती कैलेंडर जारी करें।

सोशल साइट ‘एक्स’ पर उन्होंने लिखा है कि इस कैलेंडर में विज्ञापन प्रकाशन की तिथि, परीक्षा आयोजन की संभावित अवधि, अंतिम परीक्षाफल की तिथि सहित सभी आवश्यक सूचनाओं का स्पष्ट उल्लेख होगा।

कुमार ने कहा कि परीक्षा के जितने भी चरण हों, किसी भी परिस्थिति में विज्ञापन प्रकाशित होने से अंतिम परिणाम जारी होने तक एक वर्ष से अधिक का समय नहीं लगना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के अधीन सभी प्रशासी विभाग, सभी प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस मुख्यालय के अधीन सभी कार्यालय और सभी जिलाधिकारी 31 दिसंबर 2025 तक रिक्त पदों से संबंधित अधियाचना सामान्य प्रशासन विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग इन अधियाचनाओं की शीघ्र जांच कर उन्हें संबंधित नियुक्ति आयोगों को भेजेगा।

उन्होंने कहा कि सभी परीक्षाओं को पारदर्शी और स्वच्छ ढंग से आयोजित करने के लिए आयोगों और चयन एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा में अनुचित साधनों के उपयोग की रोकथाम के लिए सख्त और तत्काल कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर दोषियों को चिन्हित कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से दंडित कराने का निर्देश भी दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में ऑनलाइन परीक्षा (सीबीटी—कंप्यूटर आधारित परीक्षा) के लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि परीक्षायें समय पर और सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।

भाषा कैलाश रंजन

रंजन


लेखक के बारे में