(तस्वीर के साथ)
पटना, 26 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को कहा कि नए बिहार के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो योगदान दिया है, उसके लिए राज्य सदैव उनका ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने नाउम्मीदी के दौर से निकालकर बिहार को विश्वास और विकास के मार्ग से जोड़ा तथा बिहारियों के सम्मान को लौटाने का काम किया है।
यहां बापू सभागार में मुख्यमंत्री की ‘समृद्धि यात्रा’ के जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि नीतीश कुमार ने इसके जरिए बिहार में उत्सव का माहौल बनाया है और राज्य अब विकास के इस सफर में इसी उत्सव के वातावरण में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि एक विधायक के तौर पर उन्हें मुख्यमंत्री के नेतृत्व में काफी कुछ सीखने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा, “संभवतः एक विधायक के तौर पर यह मेरा आखिरी सरकारी कार्यक्रम हो, लेकिन पटना और बिहार के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि मुख्यमंत्री ने विकास को जो नया आयाम दिया है, उसे आने वाले दिनों में केंद्र सरकार की मदद से मैं और गति देने का काम करूंगा।”
भाजपा नेता ने कहा कि 2005 में नीतीश कुमार ने बिहार में कार्य-संस्कृति स्थापित की।
उन्होंने कहा कि उस समय सरकार के प्रतिनिधि जनता के प्रति कम जवाबदेह रहते थे और बिहार के हर घर में रोशनी पहुंचाने की कल्पना करना भी कठिन था। उन्होंने कहा कि आज लालटेन की जगह हर घर तक ‘एलईडी’ पहुंच चुकी है और सभी घरों में बिजली उपलब्ध है, जिसका श्रेय मुख्यमंत्री को जाता है।
उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था कि सड़क है या गड्ढा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने न केवल सड़कें बनाईं, बल्कि उनके रखरखाव की व्यवस्था भी की।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद ‘डबल इंजन’ की सरकार बनने से बिहार को केंद्र का सहयोग मिला, जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी आभार है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले गंगा नदी पर एक ही पुल था, जबकि अब प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आधा दर्जन से अधिक पुल बने हैं, फलस्वरूप उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच की दूरी कम हुई है और लोग राज्य के किसी भी हिस्से से कुछ घंटों में राजधानी पहुंच रहे हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि युवाओं को पहले शिक्षा और रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ता था, लेकिन मुख्यमंत्री ने पिछले वर्षों में 50 लाख युवाओं को रोजगार देकर साबित किया है कि संकल्प को सिद्धि में बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज बिहार का युवा नौकरी लेने वाला नहीं, बल्कि देने वाला बन रहा है।
उन्होंने कहा, “समृद्धि यात्रा का भले समापन हो रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री ने विकास का जो रोडमैप दिया है, राजग सरकार उसी पर चलते हुए 2030 तक विकसित बिहार के सपने को साकार करेगी।”
नितिन नवीन ने कहा कि पहले बिहार में ‘जंगलराज’ की चर्चा होती थी और लोगों को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं और बिहार के लोगों को सम्मान मिल रहा है।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार