(तस्वीरों के साथ)
पटना/सारण, 19 जून (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मौजूदा वित्त वर्ष में बिहार में रेल अवसंरचना के विकास के लिए 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड बजट आवंटित किया है।
वैष्णव ने पटना में संवाददाताओं से कहा, ‘‘बिहार में लगभग 1.15 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं पहले से चल रही हैं। प्रधानमंत्री ने मौजूदा वित्त वर्ष में बिहार में रेल अवसंरचना के विकास के लिए 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड रेल बजट आवंटित किया है।’’
उन्होंने कहा कि पटना की रेलवे क्षमता बढ़ाने के लिए हार्डिंग पार्क में पांच अतिरिक्त प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जा रहा है।
वैष्णव ने कहा कि इसके अलावा राज्य की राजधानी के निकट स्थित फतुहा रेलवे स्टेशन का भी विकास किया जा रहा है।
रेल मंत्री ने छपरा से दिल्ली के लिए एक नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू किए जाने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा, ‘‘छपरा से दिल्ली के लिए एक नई एक्सप्रेस ट्रेन को भी शुक्रवार को रवाना किया जाएगा।’’
वैष्णव ने कहा कि बिहार में निर्मित लोकोमोटिव इंजनों का निर्यात किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज बिहार के मढ़ौरा संयंत्र से 51वां लोकोमोटिव इंजन अफ्रीकी देश को निर्यात किया जाएगा।’’
एक दिवसीय बिहार दौरे पर आए वैष्णव ने सारण में छपरा–दिल्ली (आनंद विहार) एक्सप्रेस, मऊ–दिल्ली (आनंद विहार) एक्सप्रेस तथा दोहरी घाट–औंड़िहार मेमू ट्रेन सेवा के वाराणसी तक विस्तार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद थे, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ए.के. शर्मा कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
वैष्णव ने कहा कि हाल के वर्षों में बिहार को 11 अमृत भारत ट्रेनें और 14 वंदे भारत ट्रेनें मिली हैं तथा आने वाले वर्षों में राज्य को बुलेट ट्रेन कनेक्टिविटी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली से लखनऊ, लखनऊ से वाराणसी, वाराणसी से पटना और पटना से सिलीगुड़ी तक बुलेट ट्रेन सेवा आने वाले वर्षों में शुरू होगी। इसके परिचालन में आने के बाद दिल्ली से पटना की यात्रा मात्र चार घंटे 41 मिनट में पूरी हो सकेगी।’’
रेल मंत्री ने कहा कि अगले सात से आठ वर्षों में बिहार के लिए 200 नई ट्रेनें शुरू करने की भी योजना है।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान बिहार में 2,034 किलोमीटर नई रेलवे लाइन बिछाई गई है, जो मलेशिया जैसे देश के कुल रेल नेटवर्क से भी अधिक है।’’
केंद्रीय मंत्री ने पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात भी की।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार