पटना, 30 मई (भाषा) बिहार के पटना हवाई अड्डे पर एक यात्री के ‘हैंड बैग’ से सात कारतूस बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
पटना पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे निवासी संतोष तिवारी के बैग की हवाई अड्डे पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों द्वारा शुक्रवार को ‘एक्स-रे बैगेज स्कैनर’ से जांच के दौरान कारतूसों का पता चला।
अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान तिवारी ने सुरक्षा कर्मियों को बताया कि उन्हें अपने बैग में कारतूस होने की जानकारी नहीं थी और न ही उन्हें यह मालूम है कि ये कारतूस उसके बैग में कैसे आए।
सीआईएसएफ के निरीक्षक अरुण नेहरू ने यात्री को हवाई अड्डा थाना पुलिस के हवाले सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र