पटना, पांच जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को लोगों से पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘‘सभी मिलकर ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं, तभी जीवन सुरक्षित रहेगा।’’
चौधरी ने जयप्रकाश (जेपी) गंगा पथ पर समग्र उद्यान परियोजना के तहत एक लाख पौधारोपण अभियान की शुरुआत की।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि पौधारोपण के कारण आने वाले समय में जेपी गंगा पथ ऑक्सीजन का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जीवन के लिए ऑक्सीजन सबसे महत्वपूर्ण है। जीवन चक्र को आगे बढ़ाने के लिए ऑक्सीजन और ऑक्सीजन के लिए पौधारोपण आवश्यक है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हम सभी को मिलकर काम करना होगा।’’ चौधरी ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के जागरूकता वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये वाहन राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करेंगे।
चौधरी ने कहा कि झारखंड के अलग होने के समय बिहार में वन क्षेत्र 10 प्रतिशत से भी कम था लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में किए गए प्रयासों से राज्य में वन क्षेत्र का विस्तार हुआ।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण अनुकूल उपायों को बढ़ावा दे रही है और महिलाओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने पर 12,000 रुपये तथा चारपहिया इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर एक लाख रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बिहार में तेजी से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले चरण में पांच लाख घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे।
चौधरी ने बताया कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन होने पर राज्य सरकार उसे खरीदेगी और भुगतान सीधे उपभोक्ताओं के बैंक खातों में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से अब तक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के कार्यकाल में 43 करोड़ पौधे लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ लगाने की अपील करते हुए कहा कि यह पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र