(फोटो के साथ)
पटना, 14 मार्च (भाषा) बिहार के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार और राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य में एलपीजी की कमी की अफवाहें एक ‘राजनीतिक साजिश’ का हिस्सा हैं।
मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब कई जिलों में लोगों के एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए वितरण केंद्रों के बाहर बड़ी संख्या में कतार में खड़े होने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राज्य में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है।
श्रवण कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य में एलपीजी सिलेंडर की कमी की अफवाहों के पीछे एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश है।’’
उन्होंने कहा कि कालाबाजारी करने वालों और अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
परिवहन मंत्री ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं आश्वासन दिया है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और कालाबाजारी में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। ’’
कुमार ने शुरुआत में कुछ समस्या होने की बात स्वीकार करते हुए दावा किया कि बिहार सरकार ने इसे सफलतापूर्वक हल कर लिया है।
जनता दल (यूनाइटेड) के राज्यसभा सदस्य झा ने विपक्ष पर इस संबंध में अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया।
झा ने कहा, ‘‘विपक्ष अफवाहें फैलाने में जुटा हुआ है। सोशल मीडिया पर फैल रही गलत जानकारी लोगों को जरूरत से ज्यादा सिलेंडर खरीदने के लिए उकसा रही है, जो कालाबाजारी और जमाखोरी की एक वजह बन रही है।’’
पटना के जिलाधिकारी थियागराजन एस.एम. ने शनिवार को कहा कि सभी वितरकों और गैस कंपनियों के पास एलपीजी की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव