प्रधानमंत्री मोदी 24 अक्टूबर को समस्तीपुर से चुनावी अभियान की करेंगे शुरुआत, बेगूसराय में भी रैली
प्रधानमंत्री मोदी 24 अक्टूबर को समस्तीपुर से चुनावी अभियान की करेंगे शुरुआत, बेगूसराय में भी रैली
पटना, 19 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले सप्ताह से बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने रविवार को बताया कि प्रधानमंत्री इस महीने के अंत तक चार चुनावी सभाएं करेंगे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए जायसवाल ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी 24 अक्टूबर को समस्तीपुर में अपनी पहली रैली के साथ चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद उसी दिन वह बेगूसराय में दूसरी सभा को संबोधित करेंगे।’’
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे की शुरुआत समस्तीपुर जिले स्थित भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जन्मस्थली कर्पूरी ग्राम से करेंगे। प्रधानमंत्री वहां जाकर पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और इसके बाद अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
दूसरी सभा बेगूसराय में दोपहर बाद आयोजित की जाएगी।
जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को फिर से बिहार आएंगे और मुजफ्फरपुर तथा छपरा (सारण जिला मुख्यालय) में चुनावी सभाएं करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री की अन्य रैलियां दो, तीन, छह और सात नवंबर को भी निर्धारित हैं। इनका विस्तृत कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।’’
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 121 सीट पर छह नवंबर को मतदान होगा। शेष 122 सीट पर 11 नवंबर को मतदान होगा।
भाषा कैलाश खारी
खारी

Facebook


