नीति आयोग की आकांक्षी जिला रैंकिंग में पूर्णिया देश में अव्वल

नीति आयोग की आकांक्षी जिला रैंकिंग में पूर्णिया देश में अव्वल

नीति आयोग की आकांक्षी जिला रैंकिंग में पूर्णिया देश में अव्वल
Modified Date: July 13, 2026 / 11:16 pm IST
Published Date: July 13, 2026 11:16 pm IST

पटना, 13 जुलाई (भाषा) नीति आयोग की ओर से जारी आकांक्षी जिला कार्यक्रम (एडीपी) की जनवरी-मार्च 2026 तिमाही डेल्टा रैंकिंग में बिहार ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है जिसमें समग्र प्रदर्शन के आधार पर पूर्णिया ने देश के 112 आकांक्षी जिलों में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि कृषि एवं जल संसाधन श्रेणी में भी वह शीर्ष पर रहा।

राज्य सरकार की ओर से सोमवार को जारी बयान के अनुसार शिक्षा श्रेणी में बेगूसराय ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

बयान में कहा कि यह उपलब्धि केवल रैंकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार में सुशासन, परिणाम-आधारित योजना निर्माण, आंकड़ा-आधारित निगरानी तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय का भी प्रमाण है।

बयान में कहा गया कि राज्य का योजना एवं विकास विभाग कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, अंतर-विभागीय समन्वय और नियमित समीक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

बयान में कहा गया कि बेगूसराय ने भी विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शिक्षा से जुड़े अन्य मानकों में निरंतर सुधार करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

राज्य सरकार ने पूर्णिया और बेगूसराय के जिला प्रशासन, संबंधित विभागों, अधिकारियों तथा कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि बिहार के अन्य जिले भी इससे प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेंगे।

भाषा कैलाश खारी

खारी


लेखक के बारे में