राजद ने सरकारी नीतियों के खिलाफ पटना में किया प्रदर्शन

राजद ने सरकारी नीतियों के खिलाफ पटना में किया प्रदर्शन

राजद ने सरकारी नीतियों के खिलाफ पटना में किया प्रदर्शन
Modified Date: June 17, 2026 / 12:59 pm IST
Published Date: June 17, 2026 12:59 pm IST

पटना, 17 जून (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को बिहार सरकार की नीतियों के विरोध में पटना में प्रदर्शन किया।

एक दिवसीय यह धरना-प्रदर्शन राज्य की राजधानी के गर्दनीबाग क्षेत्र में आयोजित किया गया।

पार्टी के प्रवक्ता एजाज अहमद ने एक दिन पहले घोषणा की थी कि महिलाओं पर कथित अत्याचार, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर बिहार के सभी जिला मुख्यालयों पर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

फतुहा विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रामानंद यादव ने कहा, ‘‘हम सरकार की विफल नीतियों के विरोध में यहां एकत्र हुए हैं। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासन के दौरान भ्रष्टाचार, अपराध और महंगाई चरम पर पहुंच गए हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं।

यादव ने कहा, ‘‘चाहे नीट छात्रा की मौत का मामला हो या पटना के छात्रावासों में रहने वाली अन्य छात्राओं के साथ मारपीट और हत्या की घटनाएं, प्रशासनिक कार्रवाई अब तक दिखाई नहीं दे रही है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।’’

पूर्व राजद विधायक दीनानाथ यादव ने कहा कि बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार की जनता महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की पूरी तरह बिगड़ी स्थिति का सामना कर रही है। सरकार का खजाना खाली हो चुका है और विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। कोई नहीं जानता कि कब और कहां हत्या या लूट की घटना हो जाए।’’

राजद के पटना महानगर अध्यक्ष महताब आलम ने भी आरोप लगाया कि नीट छात्रा की मौत जैसे संवेदनशील मामलों को दबाने की कोशिश की गई है।

उन्होंने दावा किया कि इस मामले में प्रभावशाली लोगों, जिनमें सरकार के मंत्री, विधायक और उनके परिजन भी शामिल हैं, की संलिप्तता है।

आलम ने कहा, ‘‘हमारा स्पष्ट मानना है कि बिहार सरकार अपनी नैतिक विश्वसनीयता खो चुकी है। पिछले चार महीनों से प्राध्यापकों, शिक्षकों और अन्य कर्मियों को वेतन नहीं मिला है। विधायकों के लिए भी कोई राशि जारी नहीं की जा रही है।’’

प्रदर्शन के दौरान राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग की।

पार्टी अधिकारियों के अनुसार, इस प्रदर्शन में राजद के वरिष्ठ सांसद, विधायक, विधान पार्षद, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन शाम तक जारी रहने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार के विरोध प्रदर्शन बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में भी आयोजित किए जा रहे हैं।

भाषा कैलाश

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में