सम्राट चौधरी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात
सम्राट चौधरी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात
पटना, 21 अप्रैल (भाषा) बिहार का मुख्यमंत्री बनने के छह दिन बाद सम्राट चौधरी मंगलवार को दिल्ली पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। यह जानकारी सूत्रों ने दी।
मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री से यह उनकी पहली मुलाकात थी। सूत्रों का कहना है कि दोनों के बीच बिहार के विकास और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि ‘‘राज्य के समग्र विकास और जनकल्याण के विषय पर मार्गदर्शन मिला। प्रधानमंत्री जी का स्नेह और सहयोग बिहार की प्रगति को नई गति प्रदान करेगा।’’
इससे पहले उन्होंने दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी भाजपा (मुख्यालय) में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच बिहार की राजनीति और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हुई।
यह पहला अवसर है जब बिहार में भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है। सम्राट चौधरी ने गत 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
उल्लेखनीय है कि राज्य में नयी सरकार के गठन के बाद अब मंत्रिमंडल विस्तार पर सबकी नजर है। माना जा रहा है कि चौधरी जल्द ही अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं।
भाषा कैलाश अमित
अमित

Facebook


