बकरीद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद और प्रशासन अलर्ट मोड में रहे:बिहार के मुख्य सचिव

Ads

बकरीद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद और प्रशासन अलर्ट मोड में रहे:बिहार के मुख्य सचिव

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 04:03 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 04:03 PM IST

पटना, 27 मई (भाषा) बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बकरीद के अवसर पर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है।

उन्होंने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिलाधिकारियों (डीएम), पुलिस अधीक्षकों (एसपी), पुलिस उपमहानिरीक्षकों (डीआईजी) तथा पुलिस महानिरीक्षकों (आईजी) को त्योहार के मद्देनजर पूरे प्रशासनिक तंत्र को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया।

अमृत ने कहा कि अन्य त्योहारों की तरह बकरीद का पर्व भी शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि बकरीद की सुबह से ही असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए तथा सोशल मीडिया गतिविधियों की भी कड़ी निगरानी की जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि किसी भी स्थान पर तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी जिला प्रशासन पहले से अपनी तैयारियां पूरी कर लें।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने कहा कि तीन दिनों तक चलने वाले इस पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी स्थलों तथा संवेदनशील इलाकों में दंगा नियंत्रण बल, पुलिस और जिला बल के जवान रूट मार्च करेंगे।

डीजीपी ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा पर्याप्त संख्या में दंगा नियंत्रण वाहन और ‘बॉडी प्रोटेक्टिव सूट’ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपद्रवी तत्वों की पहचान कर उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया जाए तथा सभी थानाक्षेत्रों में गश्ती बढ़ाई जाए।

विशेष शाखा और एसटीएफ के पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन ने कहा कि सभी जिलों में पुलिस अधिकारी सुबह चार बजे से ही फ्लैग मार्च शुरू करें। उन्होंने कहा कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर सौहार्द बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी रखी जाए।

उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि पूरे राज्य में शांति, सौहार्द और सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार