पटना। Bihar Govt Formation: बिहार में नई सरकार गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। दिल्ली में लगातार बैठकों का दौर चल रहा है, जहां जदयू और बीजेपी के बीच सत्ता साझेदारी के फॉर्मूले को अंतिम रूप देने की कोशिशें जारी हैं। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी स्पीकर और डिप्टी स्पीकर दोनों पदों पर दावा कर रही है, लेकिन जदयू स्पीकर का पद देने को तैयार नहीं है। जदयू की आशंका है कि भविष्य में किसी भी तरह की राजनीतिक हलचल या तोड़फोड़ की स्थिति में यह पद उसके लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।
बता दें कि सरकार गठन में तेजी लाने के लिए बीजेपी ने यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और साध्वी निरंजन ज्योति को बिहार में पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 19 नवंबर को पटना पहुंच रहे हैं, जहां वे सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर सरकार गठन को लेकर अहम चर्चा करेंगे। इन सबके बीच खबर यह भी है कि बीजेपी विधायक प्रेम कुमार को विधानसभा का स्पीकर बनाया जा सकता है। मंगलवार को वे विजय सिन्हा से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे।
Bihar Govt Formation: नीतीश की नई कैबिनेट में राजपूत जाति को साधने के लिए जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह और औरंगाबाद से चुनाव जीतने वाले त्रिविक्रम सिंह को भी मंत्री बनाया जा सकता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी लगातार दूसरी बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बनी हैं। जहां तक बात सहयोगी दलों की है तो केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे और हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष मांझी बिहार के NDA सरकार में फिर से मंत्री बनेंगे। जबकि, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से उनकी पत्नी स्नेहलता मंत्री बन सकती हैं। वो पहली बार चुनाव जीतकर विधायक बनी हैं।
243 सीटों वाली विधानसभा में NDA ने 200 से ज्यादा सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल किया है। BJP 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि जेडीयू ने 85 सीटें जीतीं। इसके अलावा, लोजपा (रामविलास) को 19, हम सेक्यूलर को 5 और RLMP को 4 सीटें मिली हैं। चुनाव नतीजों के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने औपचारिक रूप से निर्वाचित विधायकों की सूची राज्यपाल को सौंप दी है, जिससे नई सरकार का रास्ता साफ हो गया है।