दरभंगा (बिहार), 20 सितंबर (भाषा) बिहार में दरभंगा जिले के एक गांव में अतिसार के चलते एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई है और 70 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
दरभंगा के ‘सिविल सर्जन’ अरुण कुमार ने बताया कि सारा मोहनपुर गांव में विशेष चिकित्सा शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले यहां बच्चों में लक्षण दिखाई दिए थे, लेकिन अब इससे अधिकांश ग्रामीण प्रभावित हैं।
कुमार ने कहा, ‘‘जिनकी हालत ज्यादा बिगड़ी है उन्हें सदर अस्पताल और दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। दीप लाल यादव की शुक्रवार रात मौत हो गई, जबकि लक्ष्मी देवी ने शनिवार को दम तोड़ दिया।’’
उन्होंने दावा किया कि स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने कहा, ‘‘गांव के शिविर में पर्याप्त मात्रा में एंटीबायोटिक और कीटाणुनाशक दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। डॉक्टरों की टीम तैनात है। इसके अलावा दोनों अस्पतालों में अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था भी की गई है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।’’
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार