बिहार के विश्वविद्यालयों में लागू होगा एक समान शैक्षणिक कैलेंडर : राज्यपाल

Ads

बिहार के विश्वविद्यालयों में लागू होगा एक समान शैक्षणिक कैलेंडर : राज्यपाल

  •  
  • Publish Date - May 30, 2026 / 11:38 PM IST,
    Updated On - May 30, 2026 / 11:38 PM IST

पटना, 30 मई (भाषा) बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने शनिवार को राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को आगामी शैक्षणिक सत्र से स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए एक समान शैक्षणिक कैलेंडर का पालन करने और समय पर परीक्षा परिणाम प्रकाशित करने का निर्देश दिया।

राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह द्वारा 29 मई को जारी पत्र में सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि यह निर्देश राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी), 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन और राज्य के विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों में एकरूपता व अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जारी किया गया है।

राज्यपाल राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति भी हैं।

पत्र में कहा गया, ‘‘निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि शिक्षण, परीक्षा, मूल्यांकन और परिणाम प्रकाशन जैसी प्रक्रियाएं समयबद्ध और समन्वित तरीके से संचालित की जा सकें। केवल अत्यंत असाधारण परिस्थितियों में अधिकतम सात दिनों तक की ही छूट दी जा सकेगी।’’

सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे आगामी शैक्षणिक सत्रों में इस कैलेंडर का पालन सुनिश्चित करें, ताकि राज्य के विश्वविद्यालयों के बीच एकरूपता बनी रहे और उनका शैक्षणिक समन्वय केंद्रीय विश्वविद्यालयों तथा अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के अनुरूप हो सके।

पत्र में दोहराया गया है कि निर्धारित समय-सारिणी से किसी भी प्रकार का विचलन कुलाधिपति के वैधानिक निर्देशों का उल्लंघन माना जाएगा और इसे सक्षम न्यायालय के आदेश की जानबूझकर अवहेलना भी समझा जाएगा।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र