पुलिस वाहन में नकदी गिनने का वीडियो वायरल, दो महिला समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Ads

पुलिस वाहन में नकदी गिनने का वीडियो वायरल, दो महिला समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 07:35 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 07:35 PM IST

मधुबनी, 24 जून (भाषा) बिहार के मधुबनी जिले में ड्यूटी के दौरान पुलिस वाहन के भीतर नकदी गिनने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद दो महिला पुलिसकर्मियों समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) सोनल कुमारी पुलिस वाहन के भीतर नकदी गिनती हुई दिखाई दे रही हैं।

मधुबनी पुलिस के बयान के अनुसार, यह वीडियो 24 जून को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद झंझारपुर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में इसकी जांच कराई गई।

बयान के अनुसार जांच में पता चला कि वीडियो लगभग दो महीने पुराना है। तथा उसमें दिख रही महिला एएसआई सोनल कुमारी अरड़िया संग्राम थाने में तैनात हैं और फिलहाल अवकाश पर हैं।

पुलिस ने यह भी पाया कि वीडियो के समय महिला आरक्षी सौंदर्या राय और गौतम कुमार भी उसी वाहन में ड्यूटी पर तैनात थे।

बयान के अनुसार, मधुबनी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया है।

पुलिस ने वीडियो में दिखाई गई गतिविधि को ‘‘अत्यंत संदिग्ध’’ बताया और कहा कि इससे आम जनता के बीच पुलिस की छवि धूमिल हो सकती है।

हालांकि, अधिकारियों ने वीडियो में दिखाई गई नकदी के स्रोत अथवा उसके उद्देश्य के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार