बिहार के कटिहार में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पत्नी, उसका प्रेमी और शूटर गिरफ्तार
बिहार के कटिहार में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पत्नी, उसका प्रेमी और शूटर गिरफ्तार
कटिहार, 15 जुलाई (भाषा) बिहार के कटिहार जिले में पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक शूटर को बुधवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बिजली विभाग में ग्रेड-एक तकनीशियन देव कुमार गुंजन की पिछले माह खगड़िया जिले के बदला घाट के पास उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह अपनी पत्नी समिता कुमारी से मिलने ट्रेन से सुपौल जा रहे थे।
उसने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में समिता कुमारी, उसका कथित प्रेमी अजीत कुमार और शूटर राजू कुमार शामिल हैं।
कटिहार में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरि शंकर कुमार ने कहा, ‘‘जमुई में तैनात ग्रेड-एक तकनीशियन देव कुमार गुंजन अपनी पत्नी से मिलने 11 जून को ट्रेन से जा रहे थे। इसी दौरान जीआरपी के मानसी थाना क्षेत्र के बदला घाट के पास एक हमलावर ने उन्हें गोली मार दी। बाद में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।’’
उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच में पता चला कि समिता कुमारी का नालंदा में तैनात ग्रेड-एक तकनीशियन अजीत कुमार के साथ कथित प्रेम संबंध था।
उन्होंने कहा, ‘‘दोनों ने गुंजन को अपने रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची और उसकी हत्या कराने के लिए एक शूटर को सुपारी दी।’’
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘पूछताछ में अजीत कुमार ने स्वीकार किया कि उसका और समिता का प्रेम संबंध था तथा वे गुंजन को अपने रिश्ते में बाधा मानते थे। दोनों ने मिलकर साजिश रची और राजू कुमार उर्फ धीरज को गुंजन की हत्या की सुपारी दी।’’
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, राजू कुमार उर्फ धीरज का आपराधिक इतिहास रहा है। वह भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम के तहत 2025 में दर्ज एक मामले में जेल जा चुका है और बाद में जमानत पर रिहा हुआ था।
बयान में कहा गया है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि देव कुमार गुंजन और समिता कुमारी का विवाह 2018 में हुआ था। उनकी छह वर्ष की एक बेटी भी है।
भाषा सं कैलाश खारी
खारी

Facebook


