गांधीनगर, 27 अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चार सितंबर को गांधीनगर के टाउन हॉल में अपना निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिया, ताकि उसी स्थान पर इस्कॉन अपना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह आयोजित कर सके। धार्मिक संगठन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
इस्कॉन (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्ण कॉन्शसनेस) ने इस फैसले के लिए शाह का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा नेता के इस कदम से उन हजारों श्रद्धालुओं का मन छू गया, जिनके इस अवसर पर दिनभर चलने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने की उम्मीद है।
इस्कॉन के ‘कंट्री डायरेक्टर ऑफ कम्युनिकेशंस’ और राष्ट्रीय प्रवक्ता युधिष्ठिर गोविंदा दास ने कहा, ‘‘गांधीनगर के टाउन हॉल में जन्माष्टमी समारोह को प्राथमिकता देने का शाह का फैसला भगवान श्रीकृष्ण का प्रकटोत्सव मनाने के लिए एकत्र होने वाले हजारों श्रद्धालुओं की भावनाओं के प्रति उनकी गहरी संवेदनशीलता को दर्शाता है।’’
उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम सेवा, सम्मान और समावेशिता की उस भावना में लोगों का विश्वास मजबूत करते हैं, जो भारतीय समाज के मूल में है।
दास ने कहा, ‘‘इस्कॉन, हमारे श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों की ओर से हम अमित शाह के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। हम प्रार्थना करते हैं कि भगवान श्रीकृष्ण उन्हें और उनके परिवार को सुख, अच्छा स्वास्थ्य, शक्ति और राष्ट्र की सेवा में निरंतर सफलता प्रदान करें।’’
संपर्क किए जाने पर भाजपा की गुजरात इकाई के एक प्रवक्ता ने शाह द्वारा राज्य की राजधानी गांधीनगर के टाउन हॉल में चार सितंबर को होने वाला कार्यक्रम रद्द करने की पुष्टि की।
टाउन हॉल, गांधीनगर का एक प्रमुख स्थल और कार्यक्रम आयोजित करने का स्थान है।
भाषा जितेंद्र सुभाष
सुभाष