मुंबई:टी-20 क्रिकेट विश्वकप अब दिलचस्प मोड़ पर आ पहुंचा है। दुनिया की आठ दिग्गज टीमों ने लीग चरण के बाद सुपर-8 में अपनी जगह पक्की की थी। अब तक खेले गए मुकाबलों में भारत जैसी बड़ी टीम को साउथ अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा। नतीजतन, पिछले विश्वकप की विजेता टीम इंडिया पर इस वर्ल्डकप से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। भारतीय टीम की उम्मीदें अब आने वाले मुकाबलों पर टिकी हैं। (ICC T-20 World Cup Super 8 Points Table) साउथ अफ्रीका से मिली 76 रनों की हार के बाद भारत का नेट रनरेट भी काफी नीचे आ चुका है। ऐसे में अब टीम को अगले राउंड में पहुंचने के लिए खुद की जीत के साथ-साथ दूसरी टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
वहीं, भारत की हार पर जश्न मनाने वाली पाकिस्तान टीम का भी वही हश्र हुआ। पाकिस्तान को मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ दो विकेट से हार झेलनी पड़ी, जबकि उसका पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। हालांकि दोनों ही टीमों (न्यूजीलैंड और पाकिस्तान) को एक-एक अंक हासिल हुए थे, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार के बाद अब पाक टीम का भी विश्वकप से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। ऐसे में पाकिस्तान भी पूरी तरह दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर है।
पाक कैसे पहुंच सकता है सेमीफाइनल में?
इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के विश्वकप जीतने के सपने को बड़ा झटका दिया है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान अब पूरी तरह दूसरी टीमों के परिणामों पर निर्भर हो चुका है। पाकिस्तान अब हर हाल में न्यूजीलैंड की हार और इंग्लैंड की जीत की कामना करेगा। फिलहाल पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के पास समान रूप से एक-एक अंक हैं, जबकि इंग्लैंड दो मुकाबलों में चार अंक हासिल कर पहले ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुका है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के बाद भी इंग्लैंड पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस जीत से इंग्लैंड के छह अंक हो जाएंगे, जबकि पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के एक-एक तथा श्रीलंका शून्य अंक पर रहेगा। इसके बाद पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ हर हाल में बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। (ICC T-20 World Cup Super 8 Points Table) इस जीत के साथ पाक टीम के कुल तीन अंक हो जाएंगे। इस तरह पाकिस्तान तालिका में दूसरे स्थान पर रहते हुए अगले राउंड में पहुंच सकता है।
भारत के लिए कैसी है तस्वीर?
टीम इंडिया की बात करें तो साउथ अफ्रीका से हार के बाद भारत की स्थिति भी नाजुक हो गई है। भारत की उम्मीदें अब वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के मुकाबले पर टिकी हुई हैं। भारत हर हाल में वेस्टइंडीज की जीत की कामना करेगा, जिससे उसके छह अंक हो जाएंगे। इसके अलावा भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ भी बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, ताकि नेट रनरेट में सुधार हो सके।
लीग चरण में दमदार प्रदर्शन करने वाली श्रीलंका की युवा टीम इस बार विश्वकप की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को हराकर उसे विश्वकप की रेस से बाहर कर दिया था। लेकिन सुपर-8 चरण में इंग्लैंड के हाथों मिली हार ने उनके समीकरण को भी उलझा दिया है। (ICC T-20 World Cup Super 8 Points Table) श्रीलंका के लिए बचे दोनों मुकाबले न सिर्फ जीतना जरूरी है, बल्कि बड़े अंतर से जीतना भी अनिवार्य है। श्रीलंका आज न्यूजीलैंड से भिड़ेगी, जबकि शनिवार को उसका सामना पाकिस्तान से होगा।