Today Live Breaking News and Updates 19 August 2026
Today Live Breaking News and Updates 19 August 2026: नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को बुधवार सुबह दिल्ली एम्स से छुट्टी दे दी गई। आपको बता दें कि 13 अगस्त को वह बेचैनी के चलते अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनके तमाम टेस्ट के बाद 17 अगस्त को एंजियोप्लास्टी हुई थी। जेपी नड्डा के स्वास्थ्य में सुधार को देखते हुए उन्हें बुधवार सुबह एम्स दिल्ली से छुट्टी दे दी गई है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह आजम खान और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। जांच एजेंसी की यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के रामपुर और सहारनपुर के अलावा नई दिल्ली में करीब 10 ठिकानों पर चल रही है। ED की यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की जा रही है। ED की टीमें आजम खान से जुड़े ट्रस्ट और उनकी महत्वाकांक्षी परियोजना मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों की जांच कर रही हैं। कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।