Barwani New SP Appointment || Image- IBC24 News File Photo
भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार के गृह विभाग ने बड़वानी जिले में नए पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति का आदेश जारी किया है। जारी आदेश के मुताबिक 2016 बैच के आईपीएस पद्मविलोचन शुक्ला बड़वानी के नए एसपी होंगे। (Barwani New SP Appointment) पद्मविलोचन शुक्ला फिलहाल इंदौर में रेल एसपी के तौर पर तैनात हैं। नए अफसर को बड़वानी के लिए रिलीव भी कर दिया गया है।
बता दें कि एमपी की मोहन सरकार बड़वानी में 2 मार्च को ‘कृषि कैबिनेट’ का आयोजन करने जा रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक से ठीक पहले जारी किया गया यह आदेश बैठक की तैयारियों की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
दरअसल, बड़वानी जिले में काफी समय से पूर्णकालिक पुलिस अधीक्षक की तैनाती नहीं हो पाई थी। तत्कालीन एसपी जगदीश डावर के सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभारी एसपी के तौर पर धीरज बब्बर जिले की पुलिसिंग का कार्यभार संभाल रहे थे।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने बड़वानी में आयोजित होने वाली कृषि कैबिनेट को लेकर कहा कि हम सब भगवान ममलेश्वर के क्षेत्र में जा रहे हैं। किसान कल्याण वर्ष की जो घोषणा की गई थी, उसके तहत हर महीने दो-चार दिन लगातार कार्यक्रमों की श्रृंखला को बरकरार रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वड़वानी और निमाड़ का अंचल वर्षों तक कांग्रेस शासन में सूखा रहा, लेकिन नर्मदा वैली परियोजना के माध्यम से पूरे क्षेत्र को पानी मिला है। हमारी सरकार ने कई काम किए हैं और भगोरिया को भी राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी अंचल में हमारी सरकार ने बड़े कार्य किए हैं। किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है। किसानों के साथ कृषि कैबिनेट आयोजित कर विभिन्न प्रकार की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। अलग-अलग स्थानों पर कैबिनेट आयोजित करते हुए राज्य के विकास में सबकी सहभागिता सुनिश्चित करने की संभावना पर सरकार कार्य कर रही है।