पूर्वी दिल्ली में स्थापित किया गया 2,000 केवीए क्षमता वाला ‘स्मार्ट पैड-माउंटेड सबस्टेशन’
पूर्वी दिल्ली में स्थापित किया गया 2,000 केवीए क्षमता वाला 'स्मार्ट पैड-माउंटेड सबस्टेशन'
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली के बिजली मंत्री आशीष सूद ने रविवार को पूर्वी दिल्ली में बीएसईएस के पहले ‘स्मार्ट पैड-माउंटेड सबस्टेशन’ और ‘सोलराइज ईस्ट’ अभियान की शुरुआत की।
‘स्मार्ट पैड-माउंटेड सबस्टेशन’ बिजली वितरण की एक आधुनिक प्रणाली है, जिसमें ट्रांसफॉर्मर और उससे जुड़े बिजली उपकरणों को एक सुरक्षित एक सुरक्षित बॉक्सनुमा ढांचा में लगाया जाता है।
बीएसईएस के अनुसार, गांधी नगर में बनाया गया यह नया सबस्टेशन पारंपरिक सबस्टेशन की तुलना में करीब 80 प्रतिशत कम जगह में स्थापित किया गया है। यह आधुनिक तकनीक वाला सबस्टेशन दिल्ली के सबसे व्यस्त बाजारों में से एक में 2,000 किलोवोल्ट-एम्पियर (केवीए) क्षमता की बिजली आपूर्ति करने में सक्षम है।
कंपनी ने कहा कि यह जगह की कमी वाले क्षेत्रों के लिए एक उपयोगी समाधान है, जिससे कम स्थान में अधिक क्षमता की बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सकेगी।
‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत शुरू किए गए ‘सोलराइज ईस्ट’ अभियान का उद्देश्य लोगों को छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके जरिए उपभोक्ता केंद्र सरकार की योजना और दिल्ली सौर नीति का लाभ उठा सकेंगे।
इस अवसर पर मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीएसईएस की ये दोनों पहल इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
दिल्ली के बिजली मंत्री आशीष सूद ने कहा, “हर आधुनिक बनाया गया सबस्टेशन और हर छत पर लगाया गया सौर ऊर्जा संयंत्र एक मजबूत, हरित और आत्मनिर्भर दिल्ली की दिशा में उठाया गया कदम है।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए 1,427 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसके अलावा 8,748 मेगावाट की रिकॉर्ड बिजली मांग को बिना किसी बड़ी कटौती के पूरा करना भरोसेमंद, किफायती और हरित बिजली व्यवस्था की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
भाषा योगेश
योगेश

Facebook


