पंजाब के ‘बिजनेस क्लास’ कार्यक्रम की मदद से छात्र उद्यमों ने किया 90 करोड़ रुपये का कारोबार

पंजाब के 'बिजनेस क्लास' कार्यक्रम की मदद से छात्र उद्यमों ने किया 90 करोड़ रुपये का कारोबार

पंजाब के ‘बिजनेस क्लास’ कार्यक्रम की मदद से छात्र उद्यमों ने किया 90 करोड़ रुपये का कारोबार
Modified Date: July 19, 2026 / 06:26 pm IST
Published Date: July 19, 2026 6:26 pm IST

चंडीगढ़, 19 जुलाई (भाषा) पंजाब के उच्च शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार के ‘सिख्य क्रांति’ अभियान के तहत शुरू किए गए ‘बिजनेस क्लास’ कार्यक्रम की मदद से छात्रों के नेतृत्व वाले 20,000 से अधिक उद्यमों ने एक साल में करीब 90 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

वर्ष 2025-26 के शैक्षणिक सत्र में शुरू किए गए इस कार्यक्रम के तहत बी.कॉम, बीबीए, बीटेक और बी.वोक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए उद्यमिता से जुड़ा अनिवार्य पाठ्यक्रम शामिल किया गया था।

राज्य सरकार के अनुसार, इस कार्यक्रम में 925 उच्च और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के करीब 95,000 छात्रों ने भाग लिया। इनमें से 25,693 छात्रों ने अपने कारोबार शुरू किए, जबकि 20,241 छात्र उद्यमों ने पहले ही वर्ष में करीब 90 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।

बैंस ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों को केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि उद्यमी और रोजगार देने वाला बनाने का है।

उन्होंने एक बयान में कहा, “हमारा उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि युवा नवोन्मेषकों, उद्यमियों और रोजगार सृजित करने वालों की एक पीढ़ी तैयार करना है।”

मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के परिणाम दिखाते हैं कि यदि युवाओं को सही अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो वे सफल कारोबार खड़े कर सकते हैं और राज्य की अर्थव्यवस्था में योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब की ‘सिख्य क्रांति’ पहल युवाओं को केवल भविष्य की नौकरियों के लिए नहीं, बल्कि भविष्य के अवसर पैदा करने के लिए तैयार कर रही है।

यह कार्यक्रम राज्य के 20 विश्वविद्यालयों, 494 कॉलेजों, 320 आईटीआई और 91 पॉलिटेक्निक कॉलेजों में लागू किया गया।

भाषा योगेश

योगेश


लेखक के बारे में