हिमाचल में नई औद्योगिक नीति जल्द, उद्योगों को सस्ती बिजली देने का प्रावधान होगा: सुक्खू

हिमाचल में नई औद्योगिक नीति जल्द, उद्योगों को सस्ती बिजली देने का प्रावधान होगा: सुक्खू

हिमाचल में नई औद्योगिक नीति जल्द, उद्योगों को सस्ती बिजली देने का प्रावधान होगा: सुक्खू
Modified Date: July 19, 2026 / 08:50 pm IST
Published Date: July 19, 2026 8:50 pm IST

शिमला, 19 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में उद्योगों को चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है और अधिक निवेश आकर्षित करने के लिए जल्द ही नई औद्योगिक नीति लाई जाएगी, जिसमें बिजली दरों में रियायत का प्रावधान होगा।

एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित ‘चंडीगढ़ लीडरशिप कॉन्क्लेव’ और ‘द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (टीआईई) चंडीगढ़’ की 23वीं वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।

सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को हरसंभव सुविधा और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल आने वाले वर्षों में हरित हाइड्रोजन उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए राज्यभर में बायोचार संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने हिमाचल को बिजली अधिशेष राज्य बताते हुए कहा कि राज्य सरकार पंजाब के साथ तीन साल का बिजली खरीद समझौता (पीपीए) कर रही है।

उन्होंने पंजाब को हिमाचल का ‘बड़ा भाई’ बताते हुए कहा कि राज्य दोनों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को मजबूत करते हुए पंजाब को बिजली की आपूर्ति जारी रखेगा।

भाषा योगेश

योगेश


लेखक के बारे में