भारत-स्पेन ने यूपीआई-बिजुम भुगतान प्रणाली को जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने पर जताई सहमति
भारत-स्पेन ने यूपीआई-बिजुम भुगतान प्रणाली को जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने पर जताई सहमति
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) भारत और स्पेन ने एकीकृत भुगतान प्रणाली (यूपीआई) और स्पेन के डिजिटल भुगतान मंच ‘बिजुम’ को जोड़ने के लिए बातचीत तेज करने पर सहमति जताई है। वाणिज्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों ने निवेश को आसान बनाने, पेशेवरों की आवाजाही में सुधार और लैटिन अमेरिका में संयुक्त निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों पर भी चर्चा की। इसमें यूरोप और लैटिन अमेरिका के लिए भारत के प्रवेश द्वार के रूप में स्पेन की रणनीतिक स्थिति का लाभ उठाने पर जोर दिया गया।
ये मुद्दे वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की हालिया स्पेन यात्रा के दौरान हुई बैठकों में उठे।
मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने भारत के यूपीआई और स्पेन के बिजुम डिजिटल भुगतान मंच को जोड़ने के लिए तकनीकी स्तर पर बातचीत आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है।
मंत्रालय ने बताया कि गोयल ने अपनी ब्रुसेल्स यात्रा के दौरान भारतीय जहाज पुनर्चक्रण केंद्रों को सूचीबद्ध करने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कौशल, शिक्षा और प्रतिभाशाली पेशेवरों की आवाजाही को लेकर भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) संवाद शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा।
भाषा
योगेश
योगेश

Facebook


