विपणन वर्ष 2025-26 के अक्टूबर-फरवरी में 3.15 लाख टन चीनी का निर्यात : एआईएसटीए

Ads

विपणन वर्ष 2025-26 के अक्टूबर-फरवरी में 3.15 लाख टन चीनी का निर्यात : एआईएसटीए

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 07:49 PM IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) अखिल भारतीय चीनी व्यापार संघ (एआईएसटीए) ने सोमवार को बताया कि भारत ने मौजूदा विपणन वर्ष 2025-26 के अक्टूबर-फरवरी माह के दौरान 3.15 लाख टन चीनी का निर्यात किया है। इसमें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सबसे बड़ा गंतव्य बनकर उभरा।

चीनी निर्यात पर सरकार का नियंत्रण रहता है, जिसके लिए मिलों के बीच आनुपातिक रूप से कोटा बांटा जाता है। केंद्र सरकार ने विपणन वर्ष 2025-26 (अक्टूबर-सितंबर) के लिए कुल 20 लाख टन निर्यात को मंज़ूरी दी है, जिसमें हाल ही में मंज़ूर किया गया अतिरिक्त 5,00,000 टन भी शामिल है।

एआईएसटीए ने बयान में बताया कि निर्यात की कुल खेप में से 2,57,971 टन सफेद चीनी थी, जबकि 53,664 टन रिफाइंड चीनी थी।

यूएई को सबसे ज़्यादा 79,683 टन चीनी मिली, उसके बाद अफगानिस्तान को 71,813 टन, जिबूती को 45,801 टन और तंजानिया को 21,330 टन चीनी मिली।

एआईएसटीए के चेयरमैन प्रफुल विठलानी ने कहा, ‘‘भारत एशियाई और खाड़ी देशों सहित 8,00,000 टन से ज़्यादा चीनी का हाजिर निर्यात कर पाएगा।’’

एआईएसटीए ने अपने दूसरे अनुमान में बताया कि खराब मौसम के कारण मुख्य चीनी उत्पादक राज्यों में पैदावार कम होने की वजह से, भारत के वर्ष 2025-26 सत्र के चीनी उत्पादन के पहले के अनुमान 2.96 करोड़ टन को 4.4 प्रतिशत घटाकर 2.83 करोड़ टन कर दिया गया है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय