मेरठ, एक मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से हत्या में प्रयुक्त पेपर कटर बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या की धारा के तहत दर्ज किया गया है। जानी बुजुर्ग निवासी मुरसलीम की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में उसकी 27 वर्षीय बहन कौसर की हत्या का आरोप उसके पति साकिब (28) पर लगाया गया था।
लिसाड़ी गेट पुलिस ने आरोपी साकिब को मजीद नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पेपर कटर भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह महिला का शव घर के कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। घटना का पता तब चला जब मृतका की बेटियां सुबह करीब आठ बजे मकान मालिक के पास पहुंचीं और पिता से बात कराने को कहा। इसके बाद मकान मालिक के फोन करने पर बच्चियां दूसरी मंजिल पर चली गईं। कुछ देर बाद उनके रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक की पत्नी ऊपर पहुंचीं, जहां उन्होंने महिला को खून से लथपथ देखा और शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय साकिब ई-रिक्शा लेकर मंडी गया हुआ था। सूचना मिलने पर वह भी मौके पर पहुंचा। मृतका कौसर गाजियाबाद के लोनी की रहने वाली थी और उसकी शादी करीब सात साल पहले साकिब से हुई थी।
एसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का किसी अन्य महिला से संबंध था, जिसकी जानकारी पत्नी को हो गई थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पूछताछ में साकिब ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत