अमरावती, 20 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश सरकार ने बुधवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) को विजयनगरम जिले में 854.97 एकड़ से अधिक भूमि के आवंटन की मंजूरी दे दी। यह जमीन 25 प्रतिशत रियायती दर पर दी जाएगी, जहां कंपनी एक विशाल एआई डेटा सेंटर और केबल लैंडिंग स्टेशन स्थापित करेगी।
राज्य सरकार की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक, यह परियोजना ‘गीगा-स्केल एआई डेटा सेंटर’ होगी, जिसमें कुल 1.08 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।
सरकार ने भूमि आवंटन के साथ कई वित्तीय और गैर-वित्तीय रियायतों को भी मंजूरी दी है, जिनमें स्टाम्प शुल्क और पंजीकरण शुल्क में 100 प्रतिशत छूट शामिल है।
परियोजना के लिए पानी की आपूर्ति 20 वर्षों तक सुनिश्चित करने की सुविधा दी जाएगी, जबकि बिजली और जल शुल्क पर भी सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा, निर्माण और लीजिंग पर राज्य जीएसटी की 100 प्रतिशत भरपाई की जाएगी, जिसकी सीमा क्रमशः 2,527 करोड़ रुपये और 1,800 करोड़ रुपये तय की गई है।
बिजली शुल्क पर 15 वर्षों तक प्रति यूनिट एक रुपये की सब्सिडी दी जाएगी, जिसकी अधिकतम सीमा 3,114 करोड़ रुपये होगी।
आंध्र प्रदेश सरकार ने कहा कि यह परियोजना विजयनगरम जिले के पॉलिपल्ली, भोगापुरम वेस्ट और भोगापुरम ईस्ट गांवों में विकसित की जाएगी।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय